पार्टी फंड से जुड़े मामले में तृणमूल के कोषाध्यक्ष शुभाशीष चक्रवर्ती को ईडी का समन
कोलकाता, 22 जुलाई (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के पार्टी फंड से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद शुभाशीष चक्रवर्ती को तलब किया है। ईडी सूत्रों के अनुसार, उन्हें इसी सप्ताह सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। शुभाशीष वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं। इस संबंध में शुभाशीष ने कहा कि वह इस विषय पर पार्टी से चर्चा करेंगे और ईडी से पेशी के लिए कुछ समय मांगा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि, गत 9 जून को विधायकों के हस्ताक्षर प्रकरण की जांच के सिलसिले में सीआईडी ने तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के आवास से सटे पार्टी कार्यालय में छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस और केंद्रीय बल भी मौजूद थे।
हालांकि, शुरुआत में सीआईडी कार्यालय के भीतर प्रवेश नहीं कर सकी। लगभग एक घंटे तक कार्यालय में मौजूद शुभाशीष के साथ बहस के बाद जांच अधिकारी अंदर प्रवेश कर पाए। इसके बाद करीब दो घंटे तक कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया गया।
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के पार्टी फंड से जुड़े इसी मामले में निजी विमानन कंपनी केयरवेल के दो निदेशकों पवन जाजू और रमेश जाजू को भी ईडी ने तलब किया था। दोनों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

