home page

‘सोना पप्पु’ मामले में ईडी कार्यालय पहुंचीं तृणमूल नेता श्रेया पांडे

 | 
‘सोना पप्पु’ मामले में ईडी कार्यालय पहुंचीं तृणमूल नेता श्रेया पांडे


कोलकाता, 08 जून (हि.स.)। कोलकाता स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सिजिओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस नेता श्रेया पांडे उपस्थित हुईं। उन्हें ‘सोना पप्पु’ मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था, जिसके तहत मंगलवार को उन्हें पेश होना था। हालांकि, वह निर्धारित तारीख से एक दिन पहले ही ईडी कार्यालय पहुंच गईं।

ईडी सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के दौरान जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच में कई चैट्स में श्रेया पांडे का नाम सामने आया है। इसी आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में कई वित्तीय और डिजिटल लेन-देन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

वहीं, श्रेया पांडे ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि उन्होंने स्वेच्छा से ईडी कार्यालय का दौरा किया है और उन्हें सोमवार के लिए कोई नया समन प्राप्त नहीं हुआ था। उन्होंने यह भी कहा है कि उन्होंने किसी भी समन का उल्लंघन नहीं किया है। साथ ही, उन्होंने ‘सोना पप्पु’ नामक व्यक्ति को पहचानने से भी इनकार किया है।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पहले भी श्रेया पांडे के करीबी माने जाने वाले कल्याण शुक्ला से पूछताछ की जा चुकी है। उनके आवास से कथित तौर पर भूमि जालसाजी से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। जांच एजेंसी का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच में श्रेया का नाम सामने आने के बाद उन्हें पूछताछ के दायरे में लाया गया है।

इसी मामले में गिरफ्तार व्यवसायी जय कामदार के आवास पर आयोजित काली पूजा कार्यक्रम में श्रेया पांडे की उपस्थिति के भी आरोप सामने आए हैं, जहां कई अन्य राजनीतिक हस्तियों के भी शामिल होने की बात कही जा रही है।

फिलहाल, ईडी की पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर