रंगदारी व धोखाधड़ी मामले में दमदम के पूर्व वाइस चेयरमैन समेत तीन गिरफ्तार
कोलकाता, 11 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के दमदम नगर पालिका के पूर्व वाइस चेयरमैन और तृणमूल कांग्रेस नेता वरुण नट्ट को तोलाबाजी (रंगदारी) और धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके साथ उनके करीबी बताए जाने वाले नयनाशिस दास उर्फ जॉनी और सुमंत घोष उर्फ लाल्टू को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नयनाशिस दमदम नगरपालिका के तीन नंबर वार्ड की पूर्व पार्षद पर्णा दास का बेटा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को दमदम थाने में प्रमोटर सुजय मजुमदार ने तोलाबाजी और धोखाधड़ी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद वरुण नट्ट समेत तीनों आरोपितों को उनके घरों से देर रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ तोलाबाजी, धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस शुक्रवार को तीनों आरोपितों को बैरकपुर अदालत में पेश करेगी और जांच के लिए 10 दिनों की हिरासत की मांग करेगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि तोलाबाजी में वरुण नट्ट और उनके दोनों सहयोगियों की सीधी भूमिका थी या नहीं। इसके अलावा इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कथित धोखाधड़ी के जरिए यदि कोई आर्थिक लेन-देन हुआ है तो वह किस तरह हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि, प्रमोटर सुजय मजुमदार हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के ‘जनता दरबार’ में पहुंचे थे और तोलाबाजी की शिकायत की थी। मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायत किए जाने के महज दो दिन बाद दमदम के पूर्व उपपुरप्रमुख वरुण नट्ट समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

