पूर्व तृणमूल विधायक आदिति मुंशी के पति पार्षद देबराज चक्रवर्ती पुलिस ने हिरासत में
कोलकाता, 20 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस ने देबराज चक्रवर्ती को मंगलवार देर रात हिरासत में लिया। गायिका व राजारहाट-गोपालपुर से पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक अदिति मुंशी के पति हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।
हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि देबराज चक्रवर्ती को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या केवल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े एक पुराने मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 2021 विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता प्रसेनजीत विश्वास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। आरोप लगाया गया था कि उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। उस समय इस घटना को लेकर राज्यभर में राजनीतिक तनाव पैदा हो गया था और इसे चुनाव बाद हिंसा से जुड़ा मामला बताते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी।
सूत्रों का कहना है कि इसी पुराने मामले में देबराज चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वह बिधाननगर नगर निगम में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद भी हैं। मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
देबराज चक्रवर्ती को लाेकसभा में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद कई भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी और उन पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए थे।
राज्य में संपन्न विधानसभा चुनाव में अदिति मुंशी राजारहाट-गोपालपुर सीट से चुनाव हार गई थीं। मतगणना केंद्र के बाहर उन्हें भावुक होते हुए देखा गया था। उस समय उन्होंने और उनके पति ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया था।
भाजपा सरकार बनने के बाद तृणमूल कांग्रेस नेताओं की कथित अवैध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। विभिन्न मामलों में कानून-व्यवस्था भंग करने और असामाजिक गतिविधियों के आरोपों को लेकर लगातार छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है। ----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

