home page

चीनी की बढ़ती कीमतों पर सरकार सख्त, जमाखोरी और मिलावट के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

 | 

कोलकाता, 01 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठा रही है। खास तौर पर पिछले एक महीने में चीनी की कीमतों में हुई तेज वृद्धि को लेकर सरकार ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ा दी है।

मध्य कोलकाता के ऐतिहासिक हॉग मार्केट में उपभोक्ता संरक्षण सप्ताह कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी और सब्जियों की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। सरकार की कार्रवाई के बाद चीनी की कीमत में मामूली गिरावट भी आई है।

उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नजर रखने और अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न बाजारों में प्रवर्तन शाखा के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

उन्हाेंने कहा कि सरकार मिलावट, कालाबाजारी और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। सब्जियों और मछलियों को ताजा दिखाने के लिए रसायनों या रंगों के इस्तेमाल तथा वजन और माप में हेराफेरी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि फ्लैट बुकिंग के नाम पर फर्जी विज्ञापनों और अग्रिम राशि लेकर लोगों को ठगने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों पर भी सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री ने उपभोक्ता मामलों के विभाग को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त बजट, कर्मचारियों की भर्ती और गुणवत्ता एवं माप परीक्षण के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने सहित कई कदमों की घोषणा की। साथ ही प्रवर्तन शाखा और भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से विभाग को पूरा सहयोग सुनिश्चित करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर