रास उत्सव में शामिल होने नबद्वीप पहुंचे मुख्यमंत्री, स्थायी पुल, घाट और करोड़ों के अनुदान की घोषणा
कोलकाता , 22 नवंबर (हि. स.)। रास उत्सव के अवसर पर चैतन्य महाप्रभु की स्मृतियों से जुड़ा नबद्वीप पूरी तरह सज उठा है। रविवार को इस उत्सव में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नबद्वीप में नदी पार करने के लिए एक स्थायी पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही एक सुसज्जित घाट बनाया जाएगा, जहां से फेरी सेवा शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि, इस घाट का निर्माण कार्य काफी पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। रविवार को मुख्यमंत्री ने इस अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि पहले एक घाट बनाया गया था, लेकिन वह चालू नहीं है। मैं यह घोषणा करके जा रहा हूं कि इस घाट को पूरी तरह से सुंदर और व्यवस्थित ढंग से तैयार करने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक स्थायी पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक लोगों को लॉन्च सेवा पर निर्भर रहना होगा और पुल बनने के बाद भी यह सेवा जारी रहेगी। घाट और फेरी सेवा शुरू होने में लगभग दो महीने का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि काम पूरा होने के बाद वे फरवरी के पहले सप्ताह में फिर से नबद्वीप आएंगे और फेरी सेवा का उद्घाटन करेंगे।
घाट और लॉन्च सेवा के अलावा, उन्हाेंने नबद्वीप में एक शोध केंद्र का अधूरा कार्य पूरा करने की भी घोषणा की। भक्तों के सहयोग से बन रहा यह केंद्र धन के अभाव में रुका हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए दो करोड़ आवंटित करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय गोशाला के विस्तार के लिए एक करोड़ का ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि नबद्वीप में गुरुकुल और संस्कृत टोल स्थापित करने की योजना बनाई गई है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने महाप्रभु की जन्मस्थली पर कोई ध्यान नहीं दिया और नबद्वीप को केवल देसी व विदेशी शराब की दुकानें ही दीं।
नबद्वीप प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने रासमंदिर में आयोजित कीर्तन में भाग लिया और शचीमाता गोशाला का भी दौरा किया। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के लिए पुलाव, चावल, धोका, मोचा और थोड़ के विभिन्न व्यंजनों सहित लगभग 20 से 25 प्रकार के शाकाहारी भोग की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद उन्होंने नबद्वीप में गौरांगिनी माता और कुटीर पाड़ा स्थित मुक्ति सूर्य क्लब में भारत माता की पूजा का उद्घाटन किया। दिन के अंत में ऐतिहासिक श्रीश्री बड़ो श्यामा मां के मंदिर में दर्शन करने के बाद वे कोलकाता के लिए रवाना हो गए।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

