home page

मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला -अस्पतालों, किसानों और आवश्यक सेवाओं को कंटेनर में डीजल खरीदने की छूट

 | 
मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला -अस्पतालों, किसानों और आवश्यक सेवाओं को कंटेनर में डीजल खरीदने की छूट


कोलकाता, 28 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में आवश्यक सेवाओं को राहत देते हुए कंटेनरों और बैरल में डीजल आपूर्ति पर लगी पाबंदियों में बड़ी ढील देने की घोषणा की है। रविवार सुबह सोशल मीडिया संदेश के जरिए राज्य सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन को शेयर किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों का दैनिक जीवन, आपातकालीन सेवाएं और राज्य की अर्थव्यवस्था बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चलती रहे, इसे सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कंटेनरों में डीजल आपूर्ति पर लगाए गए प्रतिबंध के कारण किसानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जनहित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

सरकार ने प्रमुख तेल कंपनियों को निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि, खाद्य आपूर्ति, जनसेवाएं तथा चाय बागानों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को डीजल आपूर्ति संबंधी प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त रखा जाए।

इस निर्णय के बाद इन क्षेत्रों से जुड़े व्यक्ति, संस्थान और उपभोक्ता अब कंटेनर या बैरल में आसानी से डीजल खरीद सकेंगे। साथ ही, प्रतिदिन डीजल आपूर्ति की निर्धारित अधिकतम सीमा में भी ढील दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डीजल प्राप्त करने के लिए पेट्रोल पंपों पर केवल सामान्य पहचान पत्र दिखाना पर्याप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस फैसले से किसानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रूप से डीजल उपलब्ध हो सकेगा तथा आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर