शुभेंदु ने फूंका रेजीनगर उपचुनाव का बिगुल, कहा - भाजपा को जीता दीजिए, जो बोलिएगा दिल खोल कर दूंगा
कोलकाता, 10 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आगामी रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए मतदाताओं से विकास, शांति और प्रगति के मुद्दे पर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुर्शिदाबाद जिले में तेजी से विकास कार्य कर रही है और रेजीनगर को भी विकास की नई दिशा दी जाएगी।
शुक्रवार को आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने फलता क्षेत्र के विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां परिवर्तन और विकास हुआ है, उसी तरह रेजीनगर को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, रेजीनगर हमें दीजिए, आप जो मांगेंगे, हम दोनों हाथों से देंगे।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि रेजीनगर के विकास के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे सहित सभी क्षेत्रों में योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
गौरतलब है कि, पिछले विधानसभा चुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने रेजीनगर और नोआदा, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने नोआदा सीट अपने पास रखी और रेजीनगर सीट से इस्तीफा दे दिया। इसी कारण रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में अगले दो से ढाई महीने के भीतर उपचुनाव होना है।
पिछले चुनाव में रेजीनगर सीट पर भारतीय जनता पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेजीनगर के मतदाता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेंगे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

