मंत्रियों को लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, मुख्यमंत्री भी हुए शामिल
कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की पहली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के मंत्रियों के लिए शनिवार को कोलकाता में विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। राज्य के अधिकांश मंत्री पहली बार मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, इसलिए उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं और शासन व्यवस्था की जानकारी देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, नेताजी सुभाष प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित इस शिविर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाग लिया और मंत्रियों को संबोधित किया। उन्होंने सुशासन, प्रशासनिक दक्षता और जनता से जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान पर जोर दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार सुब्रत गुप्ता भी उपस्थित रहे। शिविर में मंत्रिपरिषद के कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को सरकारी कार्यप्रणाली, विभागीय समन्वय, नीति क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक दायित्वों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री तापस रॉय, उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन, वन मंत्री मनोज कुमार उरांव, उमेश राय तथा वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता समेत कई मंत्री मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इससे पहले ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने दिसंबर, 2020 में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। अब राज्य में भाजपा सरकार के गठन के बाद वे मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

