अफताब अंसारी के सेल से आईफोन और गैजेट मिलने के बाद मुख्यमंत्री की जेल में औचक दस्तक
कोलकाता, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रेसिडेंसी सुधारगृह में बंद अमेरिकी सेंटर हमले के दोषी अफताब अंसारी के सेल से आईफोन, स्मार्टफोन, राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण बरामद होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को अचानक प्रेसिडेंसी जेल का दौरा किया। वह दोपहर करीब सवा दो बजे सुधारगृह पहुंचे।
जेल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने ऋषि अरविंद की प्रतिमा को नमन किया और उस सेल का निरीक्षण किया, जहां कभी ऋषि अरविंद बंद रहे थे। इसके बाद उन्होंने जेल के एक वार्ड के बाहर से बंदियों से बातचीत की और उनकी सुविधाओं तथा समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने जेल के भीतर स्थित बंदियों की कार्यशाला का भी निरीक्षण किया। यहां कैदी कपड़ों समेत विभिन्न तरह की वस्तुएं तैयार करते हैं। इसके अलावा उन्होंने सुधारगृह परिसर में स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री का यह औचक दौरा ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिकी सूचना केंद्र पर हमले के मामले में सजा काट रहे अफताब अंसारी के सेल से कई स्मार्टफोन, एक आईफोन, राउटर, पेन ड्राइव, नकदी और अन्य अत्याधुनिक संचार उपकरण बरामद किए गए हैं। इन उपकरणों के जेल के अंदर पहुंचने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं।
मामले की जांच सोमवार को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सौंप दी गई। जांच इस बात पर केंद्रित है कि अफताब के सेल तक आईफोन, राउटर, पेन ड्राइव और अन्य प्रतिबंधित सामान कैसे पहुंचा।
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर पहुंचाने में किसी जेलकर्मी या अधिकारी की भूमिका थी या नहीं। इससे पहले भी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जेल प्रशासन के कुछ कर्मचारियों और अपराधियों के बीच कथित सांठगांठ को लेकर चेतावनी दी थी।
बीते, 16 मई को मुख्यमंत्री ने कारा विभाग के कुछ कर्मचारियों के अपराधियों के साथ कथित गठजोड़ पर सख्त रुख अपनाते हुए जेलों में मौजूद ‘घोंसले’ को तोड़ने की बात कही थी। इसके बाद प्रेसिडेंसी जेल में तलाशी अभियान चलाया गया था, जिसमें 23 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। वहीं, दो जेल अधिकारियों को निलंबित भी किया गया था।
इसके बाद से कारा प्रशासन की ओर से जेलों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध तरीके से मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित सामग्री अंदर न पहुंच सके।
ऐसे में अफताब अंसारी के सेल से अत्याधुनिक संचार उपकरणों की बरामदगी और उसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री का जेल का औचक निरीक्षण सरकार के सख्त रुख का संकेत माना जा रहा है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जेल के भीतर से संचालित होने वाले संभावित आपराधिक नेटवर्क और प्रतिबंधित गतिविधियों पर किसी भी कीमत पर अंकुश लगाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

