जादवपुर विश्वविद्यालय में बोले मुख्यमंत्री - ‘धमकी की संस्कृति’ खत्म करने का समय आ गया है
कोलकाता, 28 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को जादवपुर विश्वविद्यालय में ‘धमकी की संस्कृति’ को खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर के भीतर और बाहर राष्ट्रवाद की भावना को फिर से मजबूत किया जाएगा।
जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर के बाहर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा, ‘‘जादवपुर विश्वविद्यालय में धमकी की संस्कृति है और अब इसे खत्म करने का समय आ गया है।’’
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के बाहर आयोजित किया गया, जहां करीब 10 हजार लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद की भावना स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के 15 वर्षों के शासन के दौरान जनमानस में राष्ट्रवाद की भावना कमजोर हुई। वहीं, उन्होंने 34 वर्षों के वाम मोर्चा शासन के दौरान पश्चिम बंगाल की परंपराओं को नष्ट किए जाने का आरोप लगाया।
अधिकारी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पिछले सप्ताह जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में वामपंथी विचारधारा वाले छात्र संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन जैसे कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत किया जाएगा और इसे विश्वविद्यालय परिसर में भी स्थापित किया जाएगा।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

