पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी
कोलकाता, 11 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार को विस्तृत चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के आधार पर घोषित कार्यक्रम के अनुसार दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को कराई जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी और उम्मीदवार 19 सितंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। दोनों विधानसभा क्षेत्रों का मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 28 फरवरी 2026 के अनुसार होगा। हालांकि, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तक मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित फोटो पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। मतदाता पहचान पत्र के अलावा आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट समेत कुल 12 प्रकार के दस्तावेजों को पहचान पत्र के रूप में मान्यता दी गई है।
उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप, रेलिंग, पेयजल, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था और मतदाता सहायता बूथ जैसी आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। मतदाता मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार से पहले अपना मोबाइल फोन निर्धारित स्वयंसेवक के पास जमा कर सकेंगे। इसके बदले उन्हें टोकन दिया जाएगा। वहीं, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन रखने की अनुमति केवल बंद अवस्था में होगी।
उपचुनाव की तैयारियों के तहत रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं। रेजीनगर में मुर्शिदाबाद के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बैठक कर चुनाव तैयारियों पर चर्चा की। इसी तरह नंदीग्राम में पूर्व मेदिनीपुर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

