home page

भाजपा की सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये मिलेंगे : समिक भट्टाचार्य

 | 
भाजपा की सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये मिलेंगे : समिक भट्टाचार्य


कोलकाता, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा के दौरान उत्तर 24 परगना में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य में परिवर्तन का माहौल बन चुका है और आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस सत्ता से बाहर हो जाएगी।

समिक भट्टाचार्य ने कहा कि जो लोग लूट और भ्रष्टाचार की राजनीति चाहते हैं वे तृणमूल कांग्रेस को वोट दें, जबकि जो लोग विकास और सुशासन चाहते हैं उन्हें भाजपा का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार के शासन में भ्रष्टाचार, राजनीतिक हस्तक्षेप और निवेश के अनुकूल नीतियों की कमी के कारण पश्चिम बंगाल की औद्योगिक क्षमता को नुकसान पहुंचा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं जिनमें मतदाता सूची में गंभीर त्रुटियां दिखाई देती हैं, जिससे इसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।

समिक भट्टाचार्य ने यह भी घोषणा की कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो 45 दिनों के भीतर सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा, जिससे सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सकेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में कई इलाके अपराध के केंद्र बन गए हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी सत्ता में आने के बाद इस स्थिति को बदलेगी और राज्य में सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित करेगी।

समिक भट्टाचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव यह तय करेगा कि राज्य की राजनीति किस दिशा में जाएगी।

सभा में उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जूट किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगातार वृद्धि की है। भाजपा राज्य में ऐसी नीतियां लागू करना चाहती है जिससे किसानों, श्रमिकों और उद्योगों को लाभ मिले।

इस दौरान अन्य भाजपा नेताओं ने भी विभिन्न जिलों में आयोजित सभाओं को संबोधित किया और दावा किया कि परिवर्तन यात्रा को राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में विकास, सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित करना है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर