बंगाल भाजपा में विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों के नाम घोषित, दो सांसदों को मिली अहम जिम्मेदारी
कोलकाता, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने मंगलवार को राज्य में पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों के नामों की घोषणा की। घोषित सूची में लोकसभा के दो मौजूदा सांसदों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य द्वारा जारी सूची के अनुसार, बांकुड़ा जिले की विष्णुपुर लोकसभा सीट से दो बार के सांसद सौमित्र खान को पार्टी के युवा मोर्चा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पुरुलिया जिले की पुरुलिया लोकसभा सीट से दो बार के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, अभिनेत्री से नेता बनीं और हुगली जिले की हुगली लोकसभा सीट से पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी को राज्य महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। बापी गोस्वामी को किसान मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि अजीत दास को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की कमान सौंपी गई है। वहीं, खुड़ी राम टुडू को अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा का प्रमुख और अमिताभ राय को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया है।
इन नियुक्तियों के साथ ही पश्चिम बंगाल में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और उसके जन-संगठनों में लंबे समय से चल रही फेरबदल की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
उल्लेखनीय है कि, पिछले वर्ष समिक भट्टाचार्य को सर्वसम्मति से पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार का स्थान लिया था।
इससे पहले, इसी माह भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए अपनी नई 35 सदस्यीय प्रदेश समिति की भी घोषणा की थी। इस समिति में 12 उपाध्यक्ष, पांच महामंत्री, 12 सचिव, एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव और एक संयुक्त कार्यालय सचिव शामिल हैं।
प्रदेश उपाध्यक्षों में प्रमुख नामों में पूर्व लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक, फैशन डिजाइनर से नेता बनीं और विधायक अग्निमित्रा पॉल, लोकसभा सांसद मनोज टिग्गा, विधायक दीपक बर्मन और पत्रकार से नेता बने जगन्नाथ चट्टोपाध्याय शामिल हैं।
वहीं, पांच नए महामंत्रियों में सौमित्र खान, ज्योतिर्मय सिंह महतो और लॉकेट चटर्जी के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, विधानसभा में भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक शंकर घोष को पार्टी के सचिवों में शामिल किया गया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

