home page

पश्चिम बंगाल में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं, एनकाउंटर से गया स्पष्ट संदेश : शमिक भट्टाचार्य

 | 
पश्चिम बंगाल में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं, एनकाउंटर से गया स्पष्ट संदेश : शमिक भट्टाचार्य


हुगली, 09 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने गुरुवार को कहा कि हालिया पुलिस एनकाउंटर से राज्य में एक स्पष्ट संदेश गया है कि पश्चिम बंगाल में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने परिस्थितियों को देखते हुए जो उचित समझा, वही कार्रवाई की। एनकाउंटर किन परिस्थितियों में हुआ, यह पूरी तरह प्रशासन का विषय है।

हुगली जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि अपराधियों का न कोई धर्म होता है और न ही कोई जाति। उनका आरोप था कि पिछली सरकार इस मूल सिद्धांत को भूल गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार के सभी मामलों में पार्टी हस्तक्षेप नहीं करेगी और इस विषय पर जो भी आधिकारिक बयान होगा, वह मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री शुभेंदु अधिकारी देंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से पश्चिम बंगाल के लोग संतुष्ट हैं और केवल एक घटना ही नहीं, बल्कि अपराध के विरुद्ध हर सख्त कार्रवाई का लोग स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की वर्तमान सरकार से स्वाभाविक रूप से अपेक्षाएं हैं। इसी कारण लोगों ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाकर भाजपा को सरकार बनाने का अवसर दिया।

कामदुनी मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उस मामले में इस तरह जांच कर चार्जशीट दाखिल की गई थी जिससे एक विशेष समुदाय के लोगों को लाभ पहुंचाया जा सके और वोट बैंक की राजनीति की जा सके। उन्होंने कहा कि जिस पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला, उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास सरकार करेगी, ऐसी उन्हें उम्मीद है।

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा प्रतिशोध की राजनीति में विश्वास नहीं करती। यही कारण है कि तृणमूल कांग्रेस के सांसद और विधायक आज भी स्वतंत्र घूम रहे हैं।

तृणमूल कांग्रेस के कथित भ्रष्टाचार पर श्वेतपत्र जारी करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर सरकार ही अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के दौरान जनता के सामने एक संकल्प पत्र रखा गया था, जिसमें लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को शामिल किया गया था। जनता ने भाजपा को दो-तिहाई बहुमत देकर सरकार बनाने का अवसर दिया है। अब यह देखना है कि सरकार कितनी तेजी से संकल्प पत्र के वादों को लागू करती है।

उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने पिछले 50 वर्षों में केवल राजनीतिक दलों की सरकारें देखी हैं और अब जनता विकास एवं सुशासन की अपेक्षा कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय