पश्चिम बंगाल में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, बीरभूम में ट्रैक्टर जब्त
कोलकाता, 18 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के कुछ ही दिनों बाद बीरभूम जिले से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बीरभूम के नलहाटी थाना क्षेत्र के कदासिर गांव में ग्रामीणों ने विस्फोटकों से लदे एक ट्रैक्टर को रोक लिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर सहित विस्फोटकों को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बरामद विस्फोटकों में लगभग 10 हजार जिलेटिन की छड़ें और 360 डेटोनेटर शामिल हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोटकों से लदा ट्रैक्टर मंगलवार रात गांव की सड़क से गुजर रहा था। संदेह होने पर ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया। स्थिति भांपते ही ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने जब ट्रैक्टर की जांच की तो उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और विस्फोटकों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
अब यह सवाल उठ रहा है कि विस्फोटकों को कौन ले जा रहा था, किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। नलहाटी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
चुनाव से ठीक पहले बीरभूम में विस्फोटक बरामद होने की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चुनाव आयोग ने इस पूरे मामले का संविधान लिया है और जिला पुलिस से पूरी रिपोर्ट ली है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

