परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, लोगों ने किया मार्ग अवरोध
बांकुड़ा, 23 फरवरी (हि.स.)। बांकुड़ा। सोमवार सुबह परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना बिष्णुपुर-आरामबाग स्टेट हाईवे पर दो नंबर राजशोल चौराहे के पास हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान ज्वेल शेख के रूप में हुई है, जो बांकुड़ा जिले के बिक्रमपुर का निवासी था। वह जुजुर हाई स्कूल का छात्र था और उसका परीक्षा केंद्र राजग्राम हाई स्कूल में पड़ा था। सोमवार सुबह वह बाइक से परीक्षा देने जा रहा था।
स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि रास्ते में बिजली के खंभों से लदे एक छोटे वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ज्वेल गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे तुरंत जयपुर ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित लोगों ने हादसे के विरोध में स्टेट हाईवे को जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

