home page

विधानसभा में खेल मंत्री ने कहा - खेल मैदानों और मल्टी जिम के लिए बढ़ेगी सरकारी सहायता

 | 

कोलकाता, 23 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता की राशि बढ़ाने जा रही है। युवा कल्याण एवं खेल मंत्री इंद्रनील खान ने गुरुवार को विधानसभा में इसकी जानकारी दी।

खेल मंत्री ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत क्लबों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य संगठनों को खेल मैदान विकसित करने के लिए मिलने वाली अधिकतम वित्तीय सहायता 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है।

उन्होंने कहा कि यह सहायता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल मैदान विकसित करने के लिए दी जाएगी। फुटबॉल के लिए 115 मीटर लंबाई और 78 मीटर चौड़ाई वाले मैदान सहित क्रिकेट, बास्केटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और अन्य खेलों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार करने में इस राशि का उपयोग किया जा सकेगा।

इंद्रनील खां ने यह भी बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा विकास योजना के तहत भी वित्तीय सहायता बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस योजना के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में मल्टी जिम स्थापित करने तथा उससे संबंधित उपकरण खरीदने के लिए मिलने वाली एकमुश्त सहायता 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये की जाएगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सरकार खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और संस्थानों को अधिक आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर