home page

भाजपा विधायकों से दुर्व्यवहार के आरोप में विधानसभा के मार्शल निलंबित

 | 

कोलकाता, 05 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के मार्शल देबब्रत बंद्योपाध्याय को भाजपा विधायकों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद विधानसभा कर्मचारियों के एक वर्ग ने आरोप लगाया है कि स्पीकर की अनुपस्थिति में विधानसभा सचिव सौमेंद्र नाथ दास ने निलंबन का आदेश जारी किया।

कर्मचारियों के अनुसार, वर्तमान में स्पीकर रथीन्द्रनाथ बसु उत्तर बंगाल के दौरे पर हैं और 8 अगस्त को कोलकाता लौटने वाले हैं। उनका कहना है कि नियमों के तहत इस प्रकार की कार्रवाई के लिए स्पीकर की अनुमति आवश्यक होती है।

विधानसभा कर्मचारियों के एक वर्ग ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य सुरक्षा अधिकारी मैशुद्दीन मंडल उर्फ बप्पा के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें होने के बावजूद उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों का दावा है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने बिना अवकाश लिए तत्कालीन स्पीकर एवं तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार बिमान बंद्योपाध्याय के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। उन पर सरकारी वाहन के दुरुपयोग और कार्यालय में अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति दर्ज कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि भाजपा विधायक कौस्तव बागची भी मुख्य सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग विधानसभा में उठा चुके हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने और मार्शल को निलंबित किए जाने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

विधानसभा सचिव या स्पीकर कार्यालय की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर