पूर्व विधायकों की चिकित्सा भत्ता बढ़ाने की घोषणा, अगस्त से मिलेंगे 10 हजार रुपये
कोलकाता, 12 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व विधायकों के चिकित्सा भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की है। बुधवार को विधानसभा में उन्होंने बताया कि पूर्व विधायकों को अब चिकित्सा खर्च के लिए हर महीने छह हजार रुपये के बजाय 10 हजार रुपये मिलेंगे। यह फैसला अगस्त से प्रभावी होगा। इसके लिए अगले विधानसभा सत्र में आवश्यक कानूनी संशोधन किया जाएगा और पूर्व विधायकों को बढ़ी हुई राशि का बकाया भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने पूर्व विधायकों की आर्थिक सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कई विधायकों ने अपने कार्यकाल के दौरान निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम किया, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महिषादल के पूर्व विधायक दीनबंधु बाबू अभी भी बाजार करने के लिए साइकिल से जाते हैं। इसी तरह पूर्व विधायक सुभाष नस्कर आज भी रेलवे स्टेशन पर बैठकर लोगों से बातचीत करते हैं और आसपास के बाजार से खरीदारी करते हैं। पूर्व विधायकों की ऐसी स्थिति को देखते हुए चिकित्सा भत्ता बढ़ाने का फैसला किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

