भाजपा ने अल्पसंख्यक वोट बांटने काे हुमायूं कबीर से किया 1000 करोड़ का समझौता : तृणमूल कांग्रेस
कोलकाता, 9 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी दो चरणों में हाेने वाले विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने दावा किया कि भाजपा ने अपने पूर्व विधायक हुमायूं कबीर और उनकी नई पार्टी आम आदमी उन्नयन पार्टी के साथ 1000 करोड़ रुपये का समझौता किया है, ताकि उन सीटों पर अल्पसंख्यक मतों का बंटवारा किया जा सके, जहां उनकी पार्टी के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के नेता फिरहाद हकीम, अरूप बिस्वास और पार्टी के प्रदेश महासचिव कुनाल घोष ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में एक कथित वॉइस रिकॉर्डिंग भी जारी की। इस रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर हुमायूं कबीर एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत करते हुए सुनाई दे रहे हैं।
हालांकि, समाचार एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार इस वॉइस रिकॉर्डिंग की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।
यह रिकॉर्डिंग उस समय जारी की गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व मिदनापुर जिले के हल्दिया में एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। राज्य में उस दिन उनकी तीन सभाएं प्रस्तावित थीं।
वॉइस रिकॉर्डिंग में हुमायूं कबीर यह कहते हुए सुने गए कि यदि भाजपा इस बार अधिकतर हिंदू मतों को अपने पक्ष में कर लेती है, तो वह मुस्लिम मतों के बंटवारे में भूमिका निभाएंगे, जिससे राज्य में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाया जा सके।
वॉइस रिकॉर्डिंग में वह यह भी कहते हुए सुने गए कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो वह और उनकी पार्टी नए मुख्यमंत्री को पूरा समर्थन देंगे।
इसके अलावा उन्होंने कथित तौर पर यह भी दावा किया कि वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के संपर्क में हैं।
संवाददाता सम्मेलन में फिरहाद हकीम ने कहा कि हुमायूं कबीर को यह भूल नहीं करनी चाहिए कि अल्पसंख्यक मतदाता नासमझ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर पैसों के लिए भाजपा के साथ समझौता कर सकते हैं, लेकिन आम अल्पसंख्यक मतदाता ऐसा नहीं करेंगे।
इस मामले में हुमायूं कबीर की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

