home page

नानूर में ममता बनर्जी का आराेप - गरीबाें के बैंक खाते की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है भाजपा

 | 
नानूर में ममता बनर्जी का आराेप - गरीबाें के बैंक खाते की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है भाजपा


कोलकाता, 01 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान बुधवार काे बीरभूम जिले के नानूर में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीब लोगों से बैंक खाते की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है।

ममता बनर्जी ने कहा कि बिहार में चुनाव से पहले चुपचाप लोगों के खातों में आठ हजार रुपए डाले गए। यहां भी गरीब लोगों से बैंक खाते मांगे जा रहे हैं। सावधान रहें, अपने खाते की जानकारी न दें। पैसे डालने के नाम पर जो है वह भी निकाल सकते हैं।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भाजपा तृणमूल को चोर कहती है, जबकि भाजपा नेताओं के खिलाफ ही जांच की मांग उठ चुकी है। उन्होंने कहा कि उनके पास भी ऐसे दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने कोई लूट नहीं की, बल्कि भाजपा ने ही सब कुछ लूटा है।

ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से नाम कटने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक महिलाओं के नाम हटाए गए हैं, खासकर वे महिलाएं जो शादी के बाद दूसरे घर चली गईं और जिनका उपनाम बदल गया।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर 100 दिन रोजगार योजना की राशि रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योजना के नाम से महात्मा गांधी का नाम भी हटा दिया गया है। इसके जवाब में राज्य सरकार ने ‘महात्माश्री’ योजना शुरू की है।

रसोई गैस की कीमत बढ़ने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद हालात और कठिन हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुफ्त राशन दे रही है, लेकिन उसका श्रेय भाजपा लेने की कोशिश कर रही है।

ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से जुड़े एक मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर संतोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म 6 के जरिए बाहरी लोगों के नाम जोड़ने की कोशिश हो रही थी, जिस पर न्यायालय ने रोक लगाई है।

उन्होंने कहा कि ‘युवसाथी’ योजना कोई भत्ता नहीं बल्कि युवाओं के लिए जेब खर्च की तरह सहायता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों ने आवेदन किया है और अभी तक लाभ नहीं मिला है, उन्हें भी राशि मिल जाएगी। ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के लाभार्थियों का भी उन्होंने उल्लेख किया।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर