भांगर में ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाया आराेप, कहा- वे शौकत को मारना चाहते हैं
कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को दक्षिण 24 परगना के भांगर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य की राजनीतिक तनाव फैलाने की कोशिश कर रही है और स्थानीय नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
ममता बनर्जी ने सभा में तृणमूल कांग्रेस नेता शौकत मुल्ला का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा उन्हें खत्म करना चाहती है और उनकी सुरक्षा हटाने की साजिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शौकत को किसी प्रकार का नुकसान हुआ तो वह किसी को नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि शौकत उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और संगठन में उनकी बड़ी भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह अपनी सुरक्षा भी छोड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा हटाकर शौकत को दे दी जाए, क्योंकि उन्हें किसी प्रकार का भय नहीं है। उन्होंने कहा कि वह धमकियों, बम और बंदूक से डरने वाली नहीं हैं।
सभा में ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषणों से जनता को राहत नहीं मिलेगी और न ही राशन मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाषण केवल झूठे वादों से भरे होते हैं। ममता ने दावा किया कि दिल्ली में हाल में विपक्ष ने एकजुट होकर भाजपा को झटका दिया है और आने वाले समय में बंगाल से भी भाजपा को राजनीतिक हार मिलेगी।
महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन को जोड़कर राज्यों और संसदीय क्षेत्रों की संरचना बदलने की कोशिश की जा रही थी। उनका आरोप था कि इससे बंगाल सहित कई राज्यों के हित प्रभावित हो सकते थे।
ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने दावा किया कि पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को पर्याप्त आरक्षण दिया गया है तथा उनकी पार्टी में भी बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधि हैं।
भांगर क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास हुआ है। उन्होंने दावा किया कि लेदर हब परियोजना से लाखों लोगों को रोजगार मिला है और आगे भी बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अस्पताल निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। गरीबों की जमीन कब्जाने की कोशिशों को रोकने के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं।
ममता बनर्जी ने स्थानीय मतदाताओं से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा समर्थित ताकतों और विश्वासघातियों को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता लोकतंत्र और विकास के पक्ष में मतदान करेगी।
मुख्यमंत्री शनिवार को उलूबेरिया और बारुईपुर में सभाएं करने के बाद भांगर पहुंचीं।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

