home page

पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले प्रवर्तन एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई, 181 करोड़ रुपये की जब्ती

 | 
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले प्रवर्तन एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई, 181 करोड़ रुपये की जब्ती


कोलकाता, 23 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 181.31 करोड़ की नकदी, शराब, मादक पदार्थ और कीमती धातुएं जब्त की हैं। वहीं केवल नकदी की जब्ती का आंकड़ा 282.33 लाख तक पहुंच गया है।

भारत निर्वाचन आयोग ने कहा है कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए राज्यभर में सख्त निगरानी रखी जा रही है। आयोग ने सामान्य प्रेक्षकों, पुलिस प्रेक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों तथा पुलिस महानिदेशक से लेकर थाना प्रभारियों तक सभी को कड़ी चौकसी रखने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के अनुसार चुनाव की घोषणा के बाद से अवैध प्रलोभनों और धनबल के दुरुपयोग को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को डराने या चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की किसी भी कोशिश के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन के लिए आयोग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में, कूचबिहार जिले के पाटलाखावा क्षेत्र में नाका जांच के दौरान दो बसों से 5.8 किलो मादक पदार्थ और 2.7 किलो अन्य नशीली गोलियां बरामद की गईं। यह कार्रवाई केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की सूचना के आधार पर की गई।

चुनाव निगरानी के लिए राज्यभर में 1,879 उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं, जबकि 2,235 स्थिर निगरानी दल विभिन्न जांच चौकियों पर सक्रिय हैं।

इसके अलावा मुर्शिदाबाद जिले के कांदी क्षेत्र में अवैध हथियार रखने के आरोप में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

चुनाव से पहले अवैध राजनीतिक प्रचार सामग्री हटाने के अभियान में भी बड़ी कार्रवाई की गई है। अब तक कुल 3,58,986 राजनीतिक पोस्टर और बैनर हटाए गए हैं। इनमें से 3,11,829 सरकारी संपत्तियों से और 19,901 निजी संपत्तियों से हटाए गए।

निर्वाचन आयोग ने दोहराया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन कराया जाएगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर