home page

मतदान ड्यूटी के बाद बूथ स्तरीय अधिकारी की मौत, परिवार ने आयोग पर लगाए आरोप

 | 
मतदान ड्यूटी के बाद बूथ स्तरीय अधिकारी की मौत, परिवार ने आयोग पर लगाए आरोप


कोलकाता, 25 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में मतदान ड्यूटी करने वाली एक बूथ स्तरीय अधिकारी शम्पा लाई प्रमानिक की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि मतदान के दिन तेज धूप और भीषण गर्मी में उन्हें पूरे दिन बूथ के बाहर बैठकर काम करना पड़ा, जहां पीने के पानी और आवश्यक सुविधा की व्यवस्था नहीं थी।

जानकारी के अनुसार, शम्पा प्रमानिक 23 अप्रैल को बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र के बांकुड़ा टाउन बॉयज हाई स्कूल स्थित 87 नंबर बूथ पर ड्यूटी कर रही थीं। परिवार का कहना है कि दिनभर धूप में रहने और पर्याप्त पानी नहीं मिलने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। मतदान कार्य समाप्त होने के बाद घर लौटते ही उन्हें कई बार उल्टी हुई।

परिजनों ने बताया कि घर पर प्राथमिक उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार सुबह उनकी हालत और खराब हो गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतका के पति प्रसेंजित प्रमानिक ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की ओर से न तो ओआरएस दिया गया और न ही पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पूरी करने के बाद ही उनकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार पड़ गई थीं।

शम्पा की सहकर्मी रिंकू राय चंद ने भी आरोप लगाया कि मतदान कर्मियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। भीषण गर्मी में बिना पर्याप्त सहायता के काम कराया गया और कई स्थानों पर केंद्रीय बलों का व्यवहार भी उचित नहीं था।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ गई है। परिवार और सहकर्मियों ने मामले की जांच तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर