अधिकारियों के तबादले पर मुख्यमंत्री ममता ने जताया आक्रोश
पुरुलिया, 29 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुरुलिया के मानबाजार में रविवार को पार्टी की उम्मीदवार संध्या रानी टुडू के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान एक सभा काे संबाेधित करते हुए उन्होंने चुनाव आयोग पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मेरे साथ काम करने वाले लगभग सभी अधिकारियों का तबादला कर दिया। कई लोग काम के लिए सड़कों पर घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुरुलिया जिला एक सुंदर जिला है और यहां काफी गर्मी है। यहां पहले खेती के लिए जमीन कम थी और तालाब भी कम कटते थे। धीरे-धीरे, हमने मिट्टी बनाने के प्रोजेक्ट बनाए हैं और हजारों एकड़ जमीन को उपजाऊ बनाया है। फसलें उग रही हैं। हमने कई तालाब काटे हैं। पानी भर रहा है। उसके बाद भी पीने के पानी की समस्या है। मैं प्रशासन से इस पर ध्यान देने का अनुरोध करूंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जिले में बहुत काम हुआ है। पहले पुरुलिया में लोग शाम के बाद बाहर नहीं निकल सकते थे क्योंकि, उस समय जंगलमहल में डर का माहौल था। आज हमारी सरकार आने के बाद जंगलमहल में शांति लौट आई है। एक समय था, जब हर साल 400 लोग मरते थे। जंगलमहल में उनकी हत्या होती थी। आज परिस्थिति बदल गई है।
मुख्यमंत्री ममता ने कहा कि जब मैं पहली बार झाड़ग्राम गई थी, तो मैंने तय किया कि आदिवासियों को चावल मुफ्त में दिया जाएगा। एक दिन मैं चुपके से बेलपहाड़ी गांव गई थी। वहां मैंने एक बर्तन में कुछ काला उबलता हुआ देखा। मैंने पूछा कि क्या पक रहा है। उन्होंने कहा कि हमें हफ़्ते में दो दिन खाना मिलता है। बाकी दिन हम जंगल से काली चींटियां पकड़ते हैं। तभी मैंने तय किया कि यह सब नहीं चलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

