ममता बनर्जी ने दी चेतावनी - टिकट नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि पार्टी का विरोध किया जाए
कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर चल रही असंतोष की खबरों के बीच तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को सख्त संदेश दिया है। नारायणगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि पार्टी का विरोध किया जाए।
ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी का टिकट नहीं मिलने पर किसी को विद्रोह नहीं करना चाहिए। टिकट नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि पार्टी का विरोध किया जाए। अनुशासन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसके साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नेताओं को एकजुट रहने और जनता की सेवा पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हुए कहा कि जो नेता जनता से जुड़े रहेंगे और लोगों के लिए काम करेंगे, उन्हें आगे अवसर जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि चयन नहीं होने पर नाराज होने का कोई कारण नहीं है।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर मतभेद सामने आए हैं। कई मौजूदा विधायकों ने सार्वजनिक रूप से असंतोष जताया है, जिससे पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ी है।
इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी भी असंतुष्ट नेताओं को चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वालों को “रेड कार्ड” दिखाकर हमेशा के लिए पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि, आगामी चुनावों के लिए तृणमूल कांग्रेस ने अपनी उम्मीदवार सूची में बड़ा बदलाव करते हुए 74 मौजूदा विधायकों और चार मंत्रियों के टिकट काट दिए हैं। हालांकि सभी नेताओं ने प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन कुछ ने खुलकर निराशा जताई है और कुछ ने राजनीति से संन्यास लेने के संकेत भी दिए हैं।
ममता बनर्जी ने यह भी स्पष्ट किया कि उम्मीदवार चयन प्रक्रिया में किसी का अपमान नहीं किया गया है और सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को एक बार टिकट मिल सकता है, लेकिन हर बार मिलना जरूरी नहीं है। हमारा लक्ष्य जनता के साथ खड़ा रहना और मिलकर काम करना होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक रूप से असंतोष जताना मतदाताओं को पसंद नहीं आता और पार्टी नेतृत्व भी इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

