बंगाल में चुनाव पूर्व कूचबिहार में केंद्रीय बलों को दी जाएगी बुनियादी बांग्ला की ट्रेनिंग
कोलकाता, 23 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कूचबिहार जिला प्रशासन ने केंद्रीय सुरक्षा बलों और आम लोगों के बीच बेहतर संवाद सुनिश्चित करने के लिए जवानों को बुनियादी बांग्ला भाषा का प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य संचार की कमी से होने वाली गलतफहमियों को रोकना और मतदाताओं का विश्वास बढ़ाना है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह पहल शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितिन यादव ने अपने कार्यालय में केंद्रीय बलों के नोडल अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आया कि दूसरे राज्यों से आए जवानों को स्थानीय भाषा समझने में कठिनाई होती है। इसे दूर करने के लिए अब उन्हें बुनियादी बांग्ला के साथ आम बोलचाल में उपयोग होने वाले हिंदी-बांग्ला मिश्रित वाक्य भी सिखाए जाएंगे।
अधिकारियों का मानना है कि, इससे क्षेत्र में गश्त के दौरान जवान मतदाताओं से प्रभावी संवाद कर सकेंगे और यह जान सकेंगे कि क्या उन्हें कोई समस्या है, क्या वे किसी तरह के दबाव में हैं या उन्हें सुरक्षा सहायता की जरूरत है। इससे मतदाताओं का भरोसा बढ़ेगा और वे खुलकर अपनी बात रख सकेंगे।
प्रशासन ने सीतलकुची फायरिंग घटना से भी सबक लिया है, जहां 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को ध्यान में रखते हुए जिले के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा योजना बनाई गई है।
वर्तमान में जिले में केंद्रीय बलों की लगभग 15 कंपनियां पहुंच चुकी हैं। जिले में 2,500 से अधिक मतदान केंद्र होने के कारण यह संख्या बढ़ाकर करीब 200 कंपनियां किए जाने की संभावना है, ताकि सभी क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन ने केंद्रीय बलों को निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने के सख्त निर्देश भी दिए हैं। उन्हें रूट मार्च के दौरान लोगों से भोजन या आतिथ्य स्वीकार नहीं करने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार के पक्षपात की आशंका न रहे।
इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय को केंद्रीय बलों के लिए बेहतर आवास, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है। चुनाव की तैयारियों की समीक्षा और विभिन्न दलों की चिंताओं को सुनने के लिए जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की गई। ------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

