अभिषेक बनर्जी ने रखा घाटाल-मेदिनीपुर की 15 सीटें जीतने का लक्ष्य
कोलकाता, 09 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को खड़गपुर में एक रणनीतिक बैठक की। उन्होंने घाटाल और मेदिनीपुर संगठनात्मक जिलों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
शहर के एक होटल में हुई इस बैठक में अभिषेक बनर्जी ने लंबे समय से चले आ रहे गुटीय विवाद और मतभेदों को समाप्त कर एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी के पुराने और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए सभी को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर भाईचारे के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व और पश्चिम मेदिनिपुर जिलों के अध्यक्ष सुजय हाजरा और अजीत माइती, सांसद दीपक अधिकारी, जून मालिया तथा मानस भुइयां समेत अन्य नेता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि, 2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम मेदिनीपुर जिले की 15 में से 13 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी ने घाटाल की सात और मेदिनीपुर की आठ सीटों सहित कुल 15 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। --------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

