home page

अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज, बोले- 'वोट के बाद इनसे मछली कटवाएंगे'

 | 
अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज, बोले- 'वोट के बाद इनसे मछली कटवाएंगे'


कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले राज्य की राजनीति में “मछली” एक नया चुनावी मुद्दा बनकर उभरी है। बंगाल की पारंपरिक ‘माछ-भात’ संस्कृति को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रही है, जिस पर तृणमूल कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर में एक चुनावी सभा के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के बाद भाजपा नेताओं से मछली कटवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग आज मछली लेकर प्रचार कर रहे हैं, वोट के बाद उन्हें बाजार में बैठाकर मछली बेचवाएंगे और मछुआरों के साथ काम करवाएंगे।

मछली को लेकर यह सियासी विवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने हल्दिया की एक रैली में राज्य की मत्स्य नीति की आलोचना की थी। इसके जवाब में तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में मांस और मछली जैसे अमिष खाद्य पदार्थों की बिक्री पर कई प्रकार की पाबंदियां लगाई जाती हैं।

इसी आरोप का जवाब देने के लिए भाजपा उम्मीदवार अब चुनाव प्रचार में मछली के साथ नजर आ रहे हैं। इस पर तंज कसते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि 2021 में जिन लोगों ने विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी थी, वही आज रोहू, कातला और इलिश लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं। बंगाल को बदलने आए थे, लेकिन खुद बदल गए।

भाजपा पर और आक्रामक होते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग मछुआरा समुदाय का अपमान करते हैं, उन्हें चुनाव के बाद उन्हीं के साथ बैठाकर मछली बेचने के लिए मजबूर किया जाएगा।

इस बीच उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में शांति व्यवस्था बिगड़ी है और घुसपैठियों को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर घुसपैठ पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, “गुजरात के गुंडे यहां आकर धमकी दे रहे हैं। मैं अमित शाह से कहता हूं कि चार मई की शाम बंगाल में ही रहें, नतीजे के बाद उनसे मुलाकात होगी।”

गौरतलब है कि, अभिषेक बनर्जी ने विष्णुपुर सीट से पार्टी प्रत्याशी दिलीप मंडल के समर्थन में सभा की, वहीं बजबज सीट से उम्मीदवार अशोक देव के समर्थन में चड़ियाल मोड़ से पूजाली पेट्रोल पंप तक रोड शो भी किया।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर