25 जुलाई को बंगाल विधानसभा में पेश होगी कैग रिपोर्ट, भ्रष्टाचार के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री
कोलकाता, 22 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि आगामी 25 जुलाई को राज्य विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट पेश की जाएगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट पर सदन में विस्तार से चर्चा होगी और इसमें जिन मामलों में भ्रष्टाचार की पुष्टि या अनियमितताओं की ओर संकेत किया गया है, उन पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी मामले में मुख्यमंत्री, मंत्री या कोई अन्य जनप्रतिनिधि अथवा अधिकारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई तय है। इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर राज्यपाल की सहमति ली जाएगी।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने कभी भी कैग की रिपोर्ट विधानसभा में पेश नहीं की। उनका कहना था कि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार कैग और लोकायुक्त की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जानी चाहिए और उस पर चर्चा भी होनी चाहिए, लेकिन पहले की सरकारों ने इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संवैधानिक परंपराओं का पूरी तरह पालन करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि चक्रवात 'फणी' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के लिए स्वीकृत 3,750 करोड़ की सहायता राशि के उपयोग में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था। उन्होंने कहा कि कैग की रिपोर्ट में जिन मामलों का उल्लेख किया गया है, उन सभी पर रिपोर्ट की सिफारिशों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

