home page

अभिषेक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 'सेवाश्रय' मेडिकल कैंप पर विधानसभा में बयान देंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
अभिषेक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 'सेवाश्रय' मेडिकल कैंप पर विधानसभा में बयान देंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 24 जुलाई (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की पहल पर आयोजित 'सेवाश्रय' मेडिकल कैंप को लेकर उठे विवाद के बीच पश्चिम बंगाल सरकार शनिवार को विधानसभा में बड़ा रुख स्पष्ट कर सकती है। राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने शुक्रवार को सदन में घोषणा की कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार को इस पूरे मामले पर विधानसभा में महत्वपूर्ण बयान देंगे।

विधानसभा की कार्यवाही के दौरान शंकर घोष ने कहा कि 'सेवाश्रय' मेडिकल कैंप में कथित अनियमितताओं के संबंध में मुख्यमंत्री सदन के पटल पर सरकार का पक्ष रखेंगे। इसके बाद राजनीतिक हलकों में इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दरअसल, डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी की पहल पर चलाए गए 'सेवाश्रय' स्वास्थ्य शिविर को लेकर हाल के दिनों में कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेता अभिजीत दास (बॉबी) ने लिखित शिकायत में दावा किया है कि कैंप में एक्स-रे और अल्ट्रासोनोग्राफी (यूएसजी) मशीनों का उपयोग आवश्यक अनुमति, लाइसेंस और निर्धारित चिकित्सा नियमों का पालन किए बिना किया गया।

इसी शिकायत के आधार पर डायमंड हार्बर पुलिस ने डायमंड हार्बर और बजबज क्षेत्र के कई नर्सिंग होम में एक साथ अभियान चलाया था। मामले की जांच अभी जारी है।

भाजपा की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि 'सेवाश्रय' शिविर में पर्याप्त योग्यता नहीं रखने वाले चिकित्सकों से मरीजों का उपचार कराया गया। भाजपा नेता अभिजीत दास का दावा है कि कुछ मामलों में कथित गलत इलाज के कारण मरीजों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा।

अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार को विधानसभा में क्या बयान देते हैं, सरकार इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाती है और कथित अनियमितताओं को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। मुख्यमंत्री के बयान के बाद इस पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर