कांग्रेस नेता का आराेप -कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री का विरोध करने पर भेजा जेल
आसनसोल, 20 सितंबर (हि. स.)। हावड़ा के लिलुआ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश व कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के एक कार्यक्रम में बंगाली और दुर्गापूजा को लेकर की गई कथित टिप्पणी का विरोध करने के कारण एक कांग्रेस नेता को झूठे मामले में चार दिनों तक जेल में रखने का आरोप लगाया गया है। जेल से बाहर आने के बाद अब कांग्रेस नेता अरुप मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर भाजपा से जुड़े एक व्यक्ति की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर उन्होंने आसनसोल दक्षिण थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे अरुप ने आरोप लगाया कि हावड़ा के लिलुआ में कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में बंगाली और दुर्गापूजा को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में उन्होंने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया था। उनका दावा है कि इसी विरोध के बाद उन्हें परेशान किया गया और झूठे मामले में चार दिनों तक थाने के लॉकअप में रखा गया। अरुप ने आरोप लगाया कि लिलुआ के कार्यक्रम में बंगालियों के दुर्गापूजा मनाने, खान-पान और धार्मिक आस्था को लेकर कई टिप्पणियां की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि बंगालियों को मांसाहारी और शाकाहारी भोजन से लेकर पंडित और अधार्मिक तक कहे जाने जैसी बातें कही गईं तथा दुर्गापूजा के पंडालों के नीचे बंगालियों द्वारा गंदा खाना पकाने की टिप्पणी भी की गई।
इसी के विरोध में उन्होंने शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन किया था।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बंगाली के खून में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की विरासत है और उनके आदर्श स्वामी विवेकानंद तथा कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून पर भरोसा है और कानून सभी से ऊपर है।
अरुप मुखर्जी का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद एक फेसबुक पेज पर सुशांत कुमार हिंदू नाम के व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि उक्त व्यक्ति खुद को भाजपा संगठन से जुड़ा हुआ बताता है और फेसबुक पर की गई टिप्पणी के जरिए उन्हें धमकी दी गई।
इस शिकायत के आधार पर अरुप मुखर्जी, शाह आलम खान समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता आसनसोल दक्षिण थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि क्या लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना भी अपराध है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अरुप मुखर्जी ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में कांग्रेस की ओर से बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस ने देश से अंग्रेजों को बाहर किया था और कांग्रेस किसी से डरती नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

