home page

बांग्ला फिल्मों के मशहूर निर्देशक अनिक दत्त की मौत के मामले में ‘सुसाइड नोट’ बरामद

 | 
बांग्ला फिल्मों के मशहूर निर्देशक अनिक दत्त की मौत के मामले में ‘सुसाइड नोट’ बरामद


कोलकाता, 27 मई (हि.स.)। बांग्ला फिल्मों के मशहूर निर्देशक अनिक दत्त की मौत के मामले में पुलिस को एक ‘सुसाइड नोट’ मिला है। बुधवार दोपहर छत से गिरने के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निर्देशक के घर से एक चप्पल और एक हस्तलिखित नोट बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि उस नोट में लिखा था, “मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।” पुलिस अब इस नोट की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

यह घटना हिंदुस्तान पार्क इलाके स्थित उनकी पूर्व पत्नी संधि दत्ता के घर में हुई। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अनिक दत्ता वहां पहुंचे थे। हालांकि वह खुद डोवर लेन स्थित अपने आवास में रहते थे।

घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां आपातकालीन विभाग में भर्ती किया गया। कुछ देर बाद अस्पताल की ओर से उनकी मौत की पुष्टि की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएसकेएम अस्पताल भेजा गया है।

अनिक दत्ता के निधन की खबर मिलते ही अस्पताल में कई प्रमुख लोग पहुंचे। सीपीएम नेता मोहम्मद सलीम और भाजपा विधायक रुद्रनील घोष समेत फिल्म और राजनीतिक जगत की कई हस्तियां वहां मौजूद रहीं। निर्माता फिरदौसुल हसन ने कहा कि अभी मामले में ज्यादा कुछ कहना संभव नहीं है और परिवार के सदस्यों का इंतजार किया जा रहा है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, समय अधिक होने के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम किए जाने की संभावना है। वहीं, पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम हिंदुस्तान पार्क स्थित घर में जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर