तिलजला हिंसा मामले में तृणमूल विधायक जावेद खान ने किया आत्मसमर्पण, मिली जमानत
कोलकाता, 21 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के कसबा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस विधायक जावेद खान ने गुरुवार को अलीपुर अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत मुचलके पर जमानत दे दी।
यह मामला विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के दिन तिलजला इलाके में हुई हिंसा से जुड़ा है। आरोप है कि चुनाव नतीजों के बाद क्षेत्र में तनाव और झड़प की घटनाएं हुई थीं, जिनमें जावेद खान समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य नौ आरोपित पहले ही अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। जावेद खान ने गुरुवार को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश होकर राहत की मांग की, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
इसी बीच एक अन्य मामले में दक्षिण कोलकाता की सांसद माला राय और उनके पुत्र निर्वाण राय ने भी अदालत में आत्मसमर्पण किया। यह मामला हथियार अधिनियम से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि चुनाव परिणाम वाले दिन कथित रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की गई थी।
अदालत ने दोनों को 1500 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। हालांकि, माला राय ने सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है।
इन घटनाओं के बाद राज्य की राजनीतिक स्थिति एक बार फिर गरमा गई है, जबकि अलग-अलग मामलों में कई जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

