home page

आम जनता उन्नयन पार्टी ने की 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, 153 उम्मीदवारों की सूची जारी

 | 
आम जनता उन्नयन पार्टी ने की 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, 153 उम्मीदवारों की सूची जारी


हुगली, 22 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूं कबीर की अगुवाई वाली आम जनता उन्नयन पार्टी ने रविवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

पार्टी ने फिलहाल 153 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी अध्यक्ष ने अन्य नेताओं की मौजूदगी में सूची जारी की।

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि इस बार वाम दलों या आईएसएफ के साथ किसी भी तरह का गठबंधन नहीं हुआ है।

घोषित सूची के अनुसार, राज्य के दो हाई-प्रोफाइल सीटों—नंदीग्राम और भवानीपुर—से भी पार्टी ने उम्मीदवार उतारे हैं। मुर्शिदाबाद जिले की रेजिनगर और नौदा सीट से स्वयं हुमायूं कबीर चुनाव लड़ेंगे। जिले की कुल 22 सीटों में से 10 पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है।

राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर चर्चा है कि बाकी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाद में की जाएगी या गठबंधन की संभावना को देखते हुए कुछ सीटें फिलहाल खाली छोड़ी गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रानीनगर सीट से मंत्री फिरहाद हाकिम के पूर्व दामाद यासिर हैदर को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, हुमायूं कबीर की छोड़ी हुई भरतपुर सीट से पीरजादा खोयाएब अमीन को टिकट दिया गया है। नंदीग्राम से शाहिदुल हक और भवानीपुर से पूनम बेगम को उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने बताया कि शेष सीटों पर उम्मीदवारों के नाम 25 मार्च को कोलकाता में घोषित किए जाएंगे, जबकि चुनावी घोषणा पत्र 28 मार्च को जारी किया जाएगा। घोषणा पत्र में स्वास्थ्य, महंगाई, राज्य की कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।

इस बीच उत्तर दिनाजपुर जिले की इस्लामपुर सीट को लेकर भी सियासी अटकलें तेज हैं। तृणमूल कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने वाले अब्दुल करीम चौधरी के हुमायूं कबीर की पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में इस सीट पर उम्मीदवार की घोषणा फिलहाल टाल दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय