home page

पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं विद्यार्थी : अग्निमित्रा पाल

 | 
पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं विद्यार्थी : अग्निमित्रा पाल


कोलकाता, 18 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने विद्यार्थियों से केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर पौधों के संरक्षण और उनकी दीर्घकालिक देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक निरंतर देखभाल और संरक्षण मिले।

शनिवार को आयोजित एक वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने बताया कि तीन-चार स्कूलों के छात्र-छात्राएं, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट तथा 'उद्दीपना' नामक एक स्वयंसेवी संस्था के सदस्य मिलकर 101 पौधे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

उन्होंने बताया कि डॉन बॉस्को स्कूल प्रबंधन से अनुरोध किया गया है कि प्रत्येक पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी 10 से 20 विद्यार्थियों के एक समूह को सौंपी जाए। उनका मानना है कि इससे विद्यार्थी पौधों के संरक्षण से सीधे जुड़ेंगे और पर्यावरण के प्रति उनका लगाव तथा जिम्मेदारी का भाव और अधिक मजबूत होगा।

इस दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि गृह मंत्री शनिवार को लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अमूल के नए संयंत्र का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कंटीले तार की बाड़ लगाने, 'चिकन नेक' कॉरिडोर की सुरक्षा तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा करेंगे।

अग्निमित्रा पाल ने दावा किया कि नई सरकार के सत्ता में आने के बाद आयोजित पहली मंत्रिपरिषद की बैठक में ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और राज्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा इस दिशा में आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप