home page

पश्चिम बंगाल में सामाजिक सुरक्षा पेंशन दोगुनी, अब 1000 से बढ़कर 2000 रुपये प्रतिमाह

 | 

कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सामाजिक सुरक्षा से जुड़े पेंशन लाभों में बड़ी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। राज्य में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन को 1000 से बढ़ाकर 2000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। यह नई दर जून से लागू होगी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय महिला, बाल एवं सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा लिया गया है, जिसका नेतृत्व मंत्री अग्निमित्रा पॉल कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि लाभार्थियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई राशि सीधे अगले महीने से भेजी जाएगी।

यह कदम हाल ही में घोषित ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना के बाद सरकार की सामाजिक कल्याण नीतियों के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।

पूर्ववर्ती सरकार ममता बनर्जी के नेतृत्व में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाती थी, जिसे चुनाव से पहले बढ़ाया भी गया था। हालांकि, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन श्रेणी में लाभ जारी रखने को लेकर सवाल उठते रहे थे।

अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने स्पष्ट किया है कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सभी लाभार्थियों को 2000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने महंगाई को देखते हुए पेंशन राशि अपर्याप्त बताई थी और सत्ता में आने पर इसे बढ़ाने का वादा किया था, जिसे अब लागू किया गया है।

इसी बीच राज्य प्रशासन ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट नियमों के कड़े पालन के निर्देश भी जारी किए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) की ओर से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, पुलिस आयुक्तों और रेलवे पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात विभाग और स्थानीय थानों को संयुक्त रूप से अभियान चलाने को कहा गया है, जबकि वरिष्ठ यातायात अधिकारी नियमित रिपोर्ट के माध्यम से अनुपालन की निगरानी करेंगे। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर