अभिषेक बनर्जी की संपत्ति मामले में तृणमूल ने मीडिया को घेरा, भाजपा पर लगाए आरोप
कोलकाता, 20 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की कथित विशाल संपत्ति को लेकर उठे विवाद पर पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मीडिया के एक वर्ग पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को जारी बयान में पार्टी ने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी की संपत्ति को लेकर प्रसारित जानकारी पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत है।
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कोलकाता नगर निगम (केएमसी) द्वारा जारी नोटिस को भाजपा ने अनैतिक तरीके से मीडिया तक पहुंचाया। पार्टी का कहना है कि इस मामले को राजनीतिक उद्देश्य से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। मीडिया को इसके बारे में झूठी खबरें नहीं फैलानी चाहिए।
बयान में कहा गया है कि पत्रकार अभिषेक बनर्जी की कथित संपत्तियों के बताए गए पतों पर जाकर स्वयं जांच कर सकते हैं कि वे वास्तव में उनकी संपत्ति हैं या नहीं। पार्टी ने मीडिया से तथ्यों की पुष्टि किए बिना “भ्रामक खबरें” प्रसारित नहीं करने की अपील की।
तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि अभिषेक बनर्जी की कथित विशाल संपत्ति संबंधी दावों का कोई कानूनी या प्रशासनिक आधार नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मीडिया का एक वर्ग बिना सत्यापन के इस खबर को लगातार प्रचारित कर रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उछाल रहा है, जबकि वास्तविक तथ्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

