home page

भूटान की पहाड़ियों में बारिश से बढ़ा तोर्सा नदी का जलस्तर, फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं

 | 
भूटान की पहाड़ियों में बारिश से बढ़ा तोर्सा नदी का जलस्तर, फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं


कूचबिहार, 31 अक्टूबर (हि.स)। भूटान की पहाड़ियों में लगातार हो रही बारिश के कारण तोर्सा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह करीब पांच बजे अचानक नदी में पानी का प्रवाह बढ़ गया। लंबे समय से लगभग सूखी पड़ी नदी में जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों में कुछ चिंता देखी गई, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल किसी बड़े बाढ़ के खतरे से इनकार किया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कूचबिहार शहर से सटे ऐतिहासिक फांसीघाट इलाके में नदी के बीच उभरे रेत के टापुओं के कई हिस्से पानी में डूब गए हैं। अनुमान है कि दोपहर तक जलस्तर में कुछ और वृद्धि हो सकती है। हालांकि, मौजूदा स्थिति और नदी की जलधारण क्षमता को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सिंचाई विभाग की ओर से विशेष कंट्रोल रूम खोला गया है, जहां 24 घंटे नदी के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार