home page

ओल्ड मालदा में जल संकट गहराया, महानंदा नदी में जलस्तर बढ़ने से प्रभावित आपूर्ति

 | 
ओल्ड मालदा में जल संकट गहराया, महानंदा नदी में जलस्तर बढ़ने से प्रभावित आपूर्ति


मालदा, 15 जुलाई (हि.स.)। भारी बारिश औरमहानंदा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण ओल्ड मालदा में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। शहर के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने से नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नगर प्रशासन के अनुसार, लोलबाग वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के जल संग्रहण केंद्र में जलकुंभी और कीचड़ के जमा होने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। स्थिति को संभालने के लिए अगले एक सप्ताह तक शहर में दिन में तीन बार की जगह केवल एक बार ही पानी सप्लाई किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, महानंदा नदी से पानी शुद्ध कर करीब 20 वार्डों के लाखों लोगों तक सप्लाई किया जाता है। लेकिन हाल की बारिश में खासकर दार्जीलिंग जिला और उत्तर दिनाजपुर जिला में भारी वर्षा के चलते नदी में जलस्तर बढ़ गया है। तेज बहाव के साथ बड़ी मात्रा में जलकुंभी बहकर पंप मशीनों के इनटेक में फंस गई, जिससे पानी उठाने की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है।

पहले जहां रोजाना करीब 500 क्यूसेक पानी उठाया जाता था, वहीं अब यह घटकर 300 क्यूसेक रह गया है। समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका ने नदी में गोताखोर उतारकर जलकुंभी हटाने का काम शुरू कर दिया है।

हालांकि, बुधवार को स्थानीय लोगों ने कहा कि जल संकट पिछले एक महीने से जारी है। कई वार्डों के निवासियों ने अनियमित और अपर्याप्त जल आपूर्ति को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि टैक्स देने के बावजूद उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा।वहीं, विपक्षी नेताओं ने भी नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है। दूसरी ओर, नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि सफाई कार्य तेजी से चल रहा है और नदी का जलस्तर कम होते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार