(संशोधित) चुनाव 26 : भाजपा नेता नीरज बरनवाल ने वार्ड 41 में किया चुनाव प्रचार
(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)
आसनसोल, 19 अप्रैल (हि. स.)। वार्ड संख्या 41 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के वरिष्ठ नेता मदन चौबे तथा नीरज के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर डोर-टू-डोर जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया और केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
भाजपा नेता एवं मीडिया प्रभारी मदन चौबे ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो अन्नपूर्णा भंडार योजना को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों, खासकर महिलाओं को सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और घरेलू खर्च का बोझ कम होगा।
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहल की भी जानकारी लोगों तक पहुंचाई।
मदन चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रही है और इन योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी पार्टी महिलाओं के आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को आगे बढ़ाने में बाधा डालते हैं, जबकि भाजपा महिलाओं को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नीरज बरनवाल ने भी कहा कि वार्ड संख्या 41 में लोगों का भाजपा के प्रति रुझान लगातार बढ़ रहा है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और राज्य में विकास की नई धारा शुरू होगी।
इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने अभियान में भाग लिया।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि इस तरह के जनसंपर्क अभियान से पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और आम जनता के बीच विश्वास और समर्थन और अधिक बढ़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार

