संशोधित : वार्ड संख्या 80 में भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप तृणमूल पर, भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई
(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)
आसनसोल, 13 अप्रैल (हि. स.)। वार्ड संख्या 80 अंतर्गत करीम बंगाल इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप तृणमूल पर लगा है। इस मामले को लेकर आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने सोमवार को हीरापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा की महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं के संपर्क नंबर एकत्र कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान तृणमूल से जुड़े बताए जा रहे संजय ठाकुर के बेटे प्रेम ठाकुर ने इसका विरोध किया और नंबर व तस्वीर हटाने को कहा। महिला कार्यकर्ता ने उसके सामने ही नंबर और तस्वीर डिलीट कर दी, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
आरोप है कि बाद में महिला कार्यकर्ता के घर लौटने के बाद उनके बेटे सूरज कुमार सिंह के साथ प्रेम ठाकुर और उसके कुछ साथियों ने मारपीट की। इस घटना में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान हुए विवाद के बाद ही इस हमले को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
दूसरी ओर, संजय ठाकुर ने बताया कि प्रेम ठाकुर उनका बेटा है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तथा उसका इलाज चल रहा है। उनके अनुसार, तस्वीर खींचे जाने को लेकर वह नाराज हो गया था और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। उन्होंने यह भी कहा कि बहस के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से भी बदतमीजी की गई, जिसके बाद गुस्से में मारपीट की घटना हुई।
इस संबंध में भाजपा ने आरोप लगाया कि डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ता के साथ बदसलूकी की और उनके बेटे को बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना तापस बनर्जी और वार्ड 80 के पार्षद राकेश शर्मा के इशारे पर हुई है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी दलों को प्रचार का अधिकार है।
पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है और घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार

