home page

लापता बच्चे का जंगल से शव बरामद

 | 
लापता बच्चे का जंगल से शव बरामद


लापता बच्चे का जंगल से शव बरामद


पश्चिम बर्दवान, 26 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 54 स्थित तुरीपाड़ा इलाके में एक दिन से लापता छह वर्षीय मासूम ऋत्विक रुज का शव रविवार सुबह घर के पास स्थित जंगल से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना पाकर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, डीसीपी (सेंट्रल) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतक के पिता छोटू रुज ने बताया कि शनिवार सुबह से उनका बेटा लापता था। वह और उनकी पत्नी पूर्णिमा रुज काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। लौटने पर बेटे के नहीं मिलने पर परिजनों और पड़ोसियों के साथ आसपास के इलाके, तालाब और जंगल में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे आसनसोल दक्षिण थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रातभर परिवार के साथ कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन बच्चा नहीं मिला।

रविवार सुबह घर के नजदीक जंगल से बच्चे का शव बरामद हुआ।

परिवार का आरोप है कि जिस जंगल से शव मिला, वहां शनिवार को भी पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश की थी, लेकिन उस समय वहां बच्चा नहीं था। ऐसे में शव वहां कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय भाजपा नेता अंकुर राय ने कहा कि गुमशुदगी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रातभर खोजबीन की। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी, इसलिए किसी भी तरह की जल्दबाजी में टिप्पणी करने के बजाय पुलिस को निष्पक्ष जांच का अवसर दिया जाना चाहिए।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा