विष्णुपुर में मताधिकार की मांग को लेकर मानव बंधन
बांकुड़ा, 05 मार्च (हि.स.)। लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुनिश्चित करने की मांग को लेकर गुरुवार सुबह बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर शहर के ऐतिहासिक चौक बाजार इलाके में एक विशाल मानव बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ‘वोट अधिकार बचाओ नागरिक मंच’ के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, छात्रों तथा नागरिक अधिकार से जुड़े लोगों ने भाग लेकर मतदान के अधिकार की रक्षा की मांग उठाई है।
मानव बंधन में शामिल लोगों ने किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता के प्रतीक तिरंगे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कई योग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। उनका कहना है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए हैं, उन्हें शीघ्र ही पुनः जोड़ा जाए ताकि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर सकें।
चौक बाजार के व्यस्त इलाके में लोगों ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई। पोस्टरों पर बंगाली और हिंदी में “आमार वोट, आमार अधिकार” और “मेरा वोट, मेरा अधिकार” जैसे नारे लिखे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मताधिकार प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसे किसी भी जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए।
वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मतदाता सूची से हटाए गए वैध नामों की जांच कर उन्हें शीघ्र बहाल किया जाए तथा आगामी चुनाव में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। कार्यक्रम के मद्देनजर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

