चुनाव आयोग ने शुरू किया पश्चिम बंगाल में मतदाता पर्चियों का वितरण
कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बुधवार से पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूचना पर्चियों (वीआईएस) का वितरण शुरू कर दिया है।
आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को 294 में से 152 सीटों पर मतदान होगा।
निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूचना पर्ची वोटरों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायक दस्तावेज है। इसमें मतदाता का विवरण, मतदान केंद्र का स्थान, मतदान की तिथि और समय के साथ केंद्र का संक्षिप्त नक्शा भी दिया गया है। इसके अलावा मतदान दिवस के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी पर्ची में शामिल हैं।
इस बार पर्चियों में क्यूआर कोड की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे मतदाता विवरण का त्वरित सत्यापन संभव होगा और मतदान केंद्रों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। हर मतदाता का भाग संख्या और क्रम संख्या भी स्पष्ट रूप से अंकित की गई है, ताकि पहचान में आसानी हो।
यह वितरण कार्य बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किया जा रहा है। आयोग ने निर्देश दिया है कि यह प्रक्रिया मतदान से कम से कम पांच दिन पहले पूरी कर ली जाए, ताकि सभी पंजीकृत मतदाताओं तक समय पर पर्चियां पहुंच सकें।
इसके साथ ही दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल सुविधा से युक्त सुलभ मतदाता सूचना पर्चियां (एवीआईएस) जारी करने का भी निर्देश दिया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार, उनके अधिकृत प्रतिनिधि या बूथ स्तर एजेंट वितरण के दौरान बीएलओ के साथ रह सकते हैं। हालांकि, बिना अनुमति इन पर्चियों का वितरण या कब्जा करना कानून का उल्लंघन माना जाएगा।
ऐसे मामलों में जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 और भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

