home page

वोट से पहले गोघाट के पश्चिमपाड़ा में बवाल, मतदाता सूची को लेकर विरोध

 | 

हुगली, 31 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुगली जिले के गोघाट क्षेत्र के पश्चिमपाड़ा में मतदाता सूची को लेकर तनाव फैल गया है। आरोप है कि कई बूथों में करीब 220 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुल 12 बूथों में से अब तक आठ बूथों की सूची जारी की गई है। जारी सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम नहीं होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप लगाया जा रहा है कि एसआईआर सूची से योजनाबद्ध तरीके से नाम हटाए गए हैं।

मंगलवार सुबह से ही स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। महिला और पुरुष झाड़ू और जूते लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उनके नाम सूची से हटाए जाने का कारण स्पष्ट किया जाए।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के उनके नाम हटा दिए गए हैं। कई वर्षों से मतदान कर रहे लोगों के नाम अचानक गायब होने से उनमें चिंता और नाराजगी बढ़ रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से इलाके में एक हेल्प डेस्क खोला गया है, जहां प्रभावित मतदाताओं को फॉर्म दिए जा रहे हैं ताकि वे चुनाव आयोग के पास दोबारा आवेदन कर सकें।

तृणमूल का दावा है कि सभी प्रभावित लोगों के नाम फिर से सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, विपक्ष ने इस हेल्प डेस्क को असली समस्या से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है। घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय