दार्जिलिंग में टॉय ट्रेन के जरिए वोट जागरूकता अभियान
दार्जिलिंग, 18 अप्रैल (हि.स.)। पहाड़ों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अनोखी पहल देखने को मिली है। निर्वाचन आयोग और दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) की संयुक्त पहल पर यूनेस्को हेरिटेज दार्जिलिंग टॉय ट्रेन को वोटर जागरूकता के लिए चुना गया है।
इस अभियान के अंतर्गत दार्जिलिंग स्टेशन से एक विशेष रूप से सजाई गई टॉय ट्रेन रवाना की गई, जिसका उद्देश्य था “कोई भी मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व से वंचित न रहे।” ‘सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन’ (एसवीईपी) कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल में जिला प्रशासन का भी सहयोग रहा।
इस दौरान स्टेशन परिसर में रंगारंग माहौल देखने को मिला। छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म छोड़ पारंपरिक परिधानों में नजर आई और स्थानीय नृत्य के जरिए अतिथियों का स्वागत किया गया। ट्रेन में एक कोच वीआईपी के लिए रखा गया, जबकि बाकी हिस्सा ओपन था, जिसमें कॉलेज छात्र, कलाकार और आम लोग शामिल हुए।
नृत्य, संगीत और संबोधन के जरिए लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। जिला चुनाव कार्यालय की ओर से बताया गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर एक वोट की अहम भूमिका होती है और इसी संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए यह पहल की गई।
डीएचआर के डिविजनल ऑपरेटिंग मैनेजर सुमित जायसवाल और दार्जिलिंग स्टेशन मास्टर सुमन प्रधान ने उम्मीद जताई कि 23 अप्रैल को पहाड़ के सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

