कामारकुंडु स्टेशन पर यात्रियों का प्रदर्शन, घंटे भर रुकी रही वंदे भारत
कोलकाता, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के षष्ठी पर्व की सुबह हुगली के कामारकुंडु स्टेशन पर यात्रियों ने रेल सेवाओं में देरी को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसके कारण हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक रुकी रही।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, अप 22503 कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस काफी विलंब से चल रही थी। बताया गया है कि ट्रेन को पिछले दिन शाम में कामारकुंडु स्टेशन पहुंचना था, लेकिन वह शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वहां पहुंची। इसके बाद भी ट्रेन को कामारकुंडु स्टेशन पर लंबे समय तक खड़ा रखा गया, ऐसा यात्रियों का आरोप है।
इसके बाद कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के यात्री ट्रेन से उतरकर स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन करने लगे। यात्रियों ने रेलवे लाइन पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान यात्रियों ने अप 22303 हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस को भी रोक दिया।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बावजूद करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा। बाद में अधिकारियों ने यात्रियों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अप कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस को रात आठ बजे के करीब रवाना किया गया। इसके चार मिनट बाद, रात 8:04 बजे हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस ने भी अपनी यात्रा फिर से शुरू की।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने कहा, “विवेक एक्सप्रेस विलंब से चल रही थी। हमारे जोन में प्रवेश करने के समय भी ट्रेन देर से चल रही थी। कामारकुंडु स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के बाद यात्रियों ने कुछ नाराजगी जताई। अब स्थिति सामान्य हो गई है।”
दूसरी ओर, अप कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के विलंब और यात्री सेवाओं को लेकर शिकायत के बीच एक परिवार को ट्रेन से उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। परिवार का आरोप है कि डानकुनी से ट्रेन में सवार होने के बाद डिब्बे में अस्वच्छ वातावरण के कारण उन्हें कामारकुंडु स्टेशन पर उतरना पड़ा। परिवार ने इसी ट्रेन के एस-चार कोच में डानकुनी से एनजेपी (न्यू जलपाईगुड़ी) तक के लिए आरक्षित टिकट लिया था। यात्रा पर जाने के बजाय उन्हें मजबूर होकर कामारकुंडु स्टेशन पर उतरकर घर लौटना पड़ा।
यात्री परिवार के ट्रेन से उतरने के संबंध में पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी से सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

