मतदाता सूची को लेकर तनाव, कई जगह सड़क जाम और हिंसा
मालदा, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोप को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सुजापुर में बुधवार को 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम के बाद गुरुवार सुबह पुरातन मालदा के नारायणपुर में आक्रोशित लोगों ने पथावरोध कर दिया। हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल तैनात किया गया है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे है। प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पक्षपात कर रहा है। दूसरी ओर, कुछ लोगों का कहना है कि खास तौर पर अल्पसंख्यक इलाकों के लोगों के नाम सूची से हटाए जा रहे है।
उनका दावा है कि पहले 2002 की मतदाता सूची के आधार पर नाम जोड़ने की बात कही गई थी, लेकिन अब “लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी” का हवाला देकर नाम हटाए जा रहे है।
इसी बीच इंग्लिश बाजार के यदुपुर इलाके में भी हालात तनावपूर्ण हो गए। सुबह से बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़क जाम में शामिल हुए। हालांकि एंबुलेंस को मानवीय आधार पर जाने दिया गया, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही स्थिति हिंसक हो गई। आक्रोशित भीड़ ने यदुपुर बाईपास इलाके में पुलिस वाहनों पर हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। पत्थरबाजी में पुलिस वाहन के चालक के सिर पर चोट आई है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

